इटियाथोक। गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत हो गई। बेलवा कर्मडीह गांव के पास हुए हादसे में किसान का शव क्षत-विक्षत हो गया। शनिवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर मृतक की पहचान गंगाराम वर्मा (45) के रूप में हुई।
कर्मडीह के बेलवा गांव निवासी गंगाराम वर्मा शुक्रवार रात नौ बजे बारिश के दौरान अपने पुराने घर से नए मकान में सोने जा रहे थे। गांव के पास गोंडा-बलरामपुर मार्ग पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे ऋषिकेश वर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह पिता देर तक घर नहीं लौटे तो वह तलाश में निकले। सड़क पर पिता की चप्पलें और छाता पड़ा मिला। आसपास पूछताछ करने पर हादसे की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को पिता की फोटो दिखाकर शव की पहचान की। सीओ सदर अभिषेक दवाच्या ने बताया कि इटियाथोक पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश की जा रही है। (संवाद)
खेती-मजदूरी से गुजारा करते थे गंगाराम
गंगाराम के परिवार में पत्नी शकुंतला और बेटा ऋषिकेश है। उनकी दो बेटियों का विवाह हो चुका है। बेटा जनता इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। गंगाराम खेती और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बेटे समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। (संवाद)