बभनान (गोंडा)। खोड़ारे के तिलया गांव में भाई के घर से लौट रहे किसान की बाइक में शनिवार देर रात नगर पंचायत बभनान के स्टेशन रोड पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राॅली से टक्कर लग गई। गंभीर रूप से घायल किसान को सीएचसी से बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
बस्ती के गौर थाना क्षेत्र के बिसनपुरा गांव निवासी संजय कुमार (32) शनिवार देर रात बाइक से बभनान जा रहे थे। रात करीब 10 बजे नगर पंचायत बभनान के सुभाष नगर वार्ड स्टेशन रोड के पास पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्राॅली उनकी बाइक में टकरा गई। टक्कर तेज होने से संजय बीच सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। रात के अंधेरे में चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर भाग गया। आसपास के लोगों ने संजय को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, संजय खोड़ारे के तिलया में रहने वाले भाई के घर गए थे। वहां से लौटते समय हादसा हो गया। उनके परिवार में पत्नी गुड़िया देवी, बेटा शनि (08) और बेटी श्रद्धा (05) हैं। मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। बस्ती के गौर थाने के प्रभारी निरीक्षक रामकुमार राजभर ने बताया कि संजय ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट से उनकी मौत हुई है।