मुजेहना। देहात कोतवाली के सालपुर सेमरा गांव निवासी एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में पिटाई के बाद मौत होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया है। घायल किसान का लखनऊ में इलाज चल रहा था, जहां बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गांव निवासी सुनील ने बताया कि उनके पिता बाल गोविंद (50) रविवार शाम करीब पांच बजे खेत की सिंचाई करने गए थे। वह अपनी मां फुलेसरा देवी के साथ पिता की मदद के लिए पंपिंग सेट लेकर खेत गया था। पंपिंग सेट लगाने के बाद वह मां के साथ घर लौट आया। सुनील के अनुसार रात करीब आठ बजे उसकी मां के मोबाइल पर पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने बाल गोविंद के घर लौटने के बारे में पूछा। इसके बाद फोन कट गया। मामला संदिग्ध लगने पर वह खेत की तरफ गया तो घर से करीब 800 मीटर दूर पुलिया के नीचे उसके पिता अचेत अवस्था में पड़े मिले। उनके पैरों और गले पर चोटों के निशान थे।
परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान बाल गोविंद ने बताया कि पड़ोसी गांव के तीन लोगों ने किसी बात को लेकर उनसे मारपीट की थी। हालत गंभीर होने पर सोमवार को डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, जहां राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार रात उनकी मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज में सिपाहियों ने लिया था बयान
बाल गोविंद की पत्नी फुलेसरा देवी का आरोप है कि रविवार को घटना के बाद सालपुर पुलिस चौकी के दो सिपाही मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। वहां घायल बाल गोविंद ने कथित तौर पर मारपीट करने वाले तीन लोगों के नाम बताए थे। परिजनों का आरोप है कि लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
देहात कोतवाल शमसेर बहादुर सिंह ने बताया कि बाल गोविंद की मौत लखनऊ में इलाज के दौरान हुई है। परिजन बिना सूचना दिए मेडिकल कॉलेज से उन्हें लखनऊ लेकर चले गए थे। बुधवार को मौत की जानकारी मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।