फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: आठ हजार श्रद्धालुओं का इंतजार कर रहे परिजन

विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। जिले के अलग-अलग हिस्सों से रोडवेज बस, प्राइवेट व निजी साधनों से महाकुंभ गए आठ हजार तीर्थयात्री प्रयागराज में जाम व रूट डायवर्जन के कारण फंसे हुए हैं। तीर्थयात्री अपने परिजनों के संपर्क में हैं और खुलने के बाद वापसी की बात कह रहे हैं। वैसे बीते 24 घंटे में प्रयागराज गईं 36 बसें वापस आई हैं। 34 बसें अभी भी वहां फंसी हुई हैं।
विज्ञापन

प्रयागराज में मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में जिले से तीर्थयात्रियों को लेकर गोंडा डिपो की सभी रोडवेज बसों को भेजा गया था। इसमें से 70 बसें प्रयागराज में हुए हादसे के कारण लागू किए गए यातायात बदलाव की व्यवस्था में फंस गई थीं। ऐसे में तीर्थ यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार को प्रयागराज से 36 बसें लौट आईं, लेकिन 34 बसें अभी भी वहीं फंसी हैं।
संगम में रूट खुलने का इंतजार कर रहे मनकापुर के प्रदीप, मोतीगंज के आलोक, सिविल लाइन के अशोक सहित अन्य का कहना है कि अभी बहुत भीड़ है। ऐसे में लोग यातायात बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। अभी प्रयागराज में ही करीब आठ हजार तीर्थयात्री फंसे हैं। वह वापसी का इंतजार कर रहे हैं। रोडवेज के एआरएम कपिलदेव का कहना है कि 28 जनवरी को यहां से बसों को भेजा गया था, इसमें से 34 बसें अभी वहीं फंसी हैं।
विज्ञापन


पुराने सरयू पुल पर अभी भी वाहनों के आवागमन पर रोक
टिकरी (गोंडा)। महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं को अयोध्या से पुराने पुल होते हुए कटरा जाने के लिए पैदल यात्रा करनी पड़ रही है। भीड़ को देखते हुए पुराने सरयू पुल पर वाहनों के आवागमन पर रोक लगी हुई है। पुलिस अधिकारी पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुराना पुल के पास दुर्गागंज गांव के किनारे पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों का आवागमन रोक दिया है। वहीं, लोलपुर के रास्ते से हाईवे जाने वाले मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया है।

भीड़ का धक्का लगा और छूट गए साथी
गोंडा। मौनी अमावस्या को जिले से प्रयागराज में स्नान करने गए श्रद्धालु जब घर लौटे तो उनकी आप बीती सुन परिजनों की आंखें भर आईं। कोई 20 घंटे तक साथियों से बिछड़ा रहा तो किसी की मुश्किल से जान बच पाई। रुपईडीह विकासखंड के जमुनही हरदो पट्टी से 65 लोगों का जत्था बस से महाकुंभ में स्नान करने गया था। इसमें दो यात्री जुगुल किशोर मिश्र व ढ़ोढेलाल चौरसिया बुधवार को अपने जत्थे से बिछड़ गए।
उन्होंने फोन कर पत्नी रामकली देवी से कहा कि स्नान करके बस के पास लौट रहे थे, तभी पीछे से भीड़ ने धक्का दिया और वह गिरते गिरते बचे। तब तक उनके जत्थे के साथी आगे निकल गए। फोन बैग में था, जो एक सहयोगी लेकर चल रहा था। अब न फोन उनके पास था न अपने। चारों तरफ भीड़ ही भीड़ दिख रही थी। कई लोगों से फोन करने के लिए मांगा, लेकिन उन्होंने मोबाइल डिस्चार्ज होने की बात कहकर मना कर दिया। पैदल चलते-चलते थकान से शरीर टूट रहा था, फिर अचानक आंख लग गई और सो गए। सुबह किसी तरह पुलिसकर्मी के सहयोग से परिजनों को फोन किया। वहीं, ढ़ोढेलाल का बृहस्पतिवार देर शाम तक कुछ पता नहीं चल सका।

जमुनही के प्रभुनाथ मौर्य ने प्रयागराज महाकुंभ में हुए हादसे को करीब से देखा। उनकी आस्था तो कम नहीं हुई, लेकिन वह काफी डर गए थे। बुधवार को शाम को गोंडा के लिए चल दिए। ऐसे ही कई परिवार माैनी अमावस्या स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचे थे। कई ने अभी जाने का कार्यक्रम बना रखा है। छोटू ने बताया कि वह गांव वालों के साथ महाकुंभ के लिए निकले थे। मंगलवार सुबह वहां पहुंचने पर रैन बसेरे में आराम किया। शाम को घूमने के लिए निकल गए। रात तकरीबन 1:30 बजे संगम के घाट पर जा रहे थे। तभी अचानक शोर सुनाई देने लगा। लोग एक-दूसरे को धक्का देने लगे। भीड़ का दबाव बढ़ने लगा। किसी तरह वह घाटों से दूर आ गए। बाद में पता चला कि हादसा हो गया है, कई लोग दब गए हैं। वह स्थिति सामान्य होने पर देखने गए तो चारों तरफ लोगों का सामान बिखरा पड़ा था। बुधवार को स्नान करने के बाद जिले के लिए चल दिए।



मोबाइल से नहीं लग रही थी कॉल


जिले से गए लोगों के परिजन बुधवार को पूरे दिन फोन लगाते रहे। मगर, कई बार नेटवर्क की समस्या होने की वजह से संपर्क नहीं हो पा रहा था। कई बार प्रयास के बाद कॉल लग पा रही थी। कुछ लोगों ने पुलिस व मीडिया से संपर्क किया। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर अपनों का पता लगाने की कोशिश की।

इनको है अपनों की तलाश

महाकुंभ में गए जिले के कई लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में परिजन जुटे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार इटियाथोक के करूवापारा निवासी जगदीश दूबे की पत्नी विद्यावती, करनीपुर निवासी सत्यदेव मिश्रा, सरैंया माफी निवासी कुंती देवी, तरबगंज के बीकापुर की मानादेवी, पथवलिया के कलंदरपुर चौबे निवासी विमला सहित दर्जनों लोग अभी घर नहीं पहुंचे हैं। उमरी बेमगंज के सोनौली मोहम्मदपुर निवासी धनदेई प्रयागराज मेले में स्नान के लिए गई थीं, लेकिन स्नान के बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। बुजुर्ग महिला के लापता होने से परिजन परेशान हैं और उनकी तलाश के लिए प्रयागराज की मेला पुलिस से संपर्क किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें