गोंडा। विश्व स्वास्थ्य संगठन भारत को 27 मार्च 2014 में ही पोलियो मुक्त की घोषणा कर चुका है। वहीं गोंडा के हलधरमऊ ब्लॉक के शिवशंकर पुरवा में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक ढाई वर्षीय मासूम पोलियो से ग्रस्त है, परिजन सालों से इलाज के लिए भटक रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार मौन हैं।
ब्लॉक हलधरमऊ के परसा गोंडरी के शिवशंकर पुरवा निवासी स्वामीनाथ शुक्ल ने बताया कि उनका नाती गिरराज शुक्ल ढाई साल का है। गांव की आशा बहू कमला ने गर्भावस्था से लेकर अब तक सारे टीके लगवाए हैं, लेकिन जब वह चलने की उम्र का हुआ तो उसे चलने में दिक्कतें होने लगी।
जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी हलधरमऊ के चिकित्सकों के पास इलाज के लिए गए, हलधरमऊ सीएचसी के अधीक्षक संत प्रताप वर्मा ने पोलियो का सैंपल लेकर जांच के लिए पीजीआई लखनऊ भेज दिया।
बताया कि एक माह बाद रिपोर्ट आयेगी। लगातार 6 माह से वह रिपोर्ट के लिए चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, रिपोर्ट नहीं आई है। बताया कि करनैलगंज सीएचसी के डॉक्टर चंद्रा को दिखाया तो उन्होंने पोलियो होने की पुष्टि की। लेकिन उनके क्षेत्र में न होने के कारण लिखकर देने से मना कर दिया।