गोंडा। जिले में मगरमच्छ के हमलों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अनुराग प्रियदर्शी ने तालाब, झील, नदी और अन्य जलाशयों के किनारे जाने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।उन्होंने लोगों से कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
डीएफओ ने बताया कि हाल के दिनों में मगरमच्छों के हमले की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में जलाशयों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। खासकर सुबह और शाम के समय मगरमच्छ अधिक सक्रिय रहते हैं, इसलिए इन समय में तालाब या झील के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचें।
जलाशयों में स्नान, कपड़े धोने, मवेशियों को पानी पिलाने या अन्य कार्यों के दौरान सतर्क रहें। बच्चों को अकेले नदी, तालाब या झील के किनारे न जाने दें। यदि किसी जलाशय में मगरमच्छ दिखाई दे तो उसे भगाने या पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।