गोंडा। मगरमच्छ से बचाव को लेकर वन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी ने खेत-खलिहान, तालाब, नदी, नालों और अन्य जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुबह-शाम मगरमच्छ अधिक सक्रिय रहते हैं। पानी के आसपास अकेले जाने और रात में बिना टॉर्च के खेतों की ओर जाने से बचें। नदी-तालाब में नहाने, तैरने और किनारे बैठकर पैर पानी में लटकाने से भी परहेज करें। बच्चों की विशेष निगरानी रखने और चेतावनी बोर्डों का पालन करने की अपील की गई है। मगरमच्छ दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और पानी में हाथ-पैर न डालें। घरों के आसपास झाड़ियों और जलभराव की सफाई रखने तथा पानी के किनारे मांस-मछली या अन्य जैविक कचरा न डालने की सलाह दी गई है। किसी भी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। (संवाद)