गोंडा। 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज हो गई हैं। नोडल अपर जिला जज दानिश हसनैन ने पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक मामलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य आमजन को सरल, सस्ता और सुलभ न्याय दिलाना है। इसमें यातायात, लघु आपराधिक, बैंक, चेक बाउंस, नगर पालिका, बिजली, मोटर दुर्घटना, पारिवारिक, सिविल, श्रम, भूमि अधिग्रहण समेत सुलह योग्य लंबित और प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण पक्षकारों की सहमति से किया जाएगा। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा, डीआईओएस रामचंद्र, एलडीएम विनोद तिवारी, सीओ दधिबल तिवारी, रेंजर बद्री प्रसाद चौहान आदि अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)