ओवर रेटिंग पकड़ने पर आबकारी निरीक्षक की पिटाई, तीन पर केस
मनकापुर (गोंडा)। आबकारी निरीक्षक द्वारा कुड़ासन बाजार में बीयर की दुकान पर छापा मारने में ओवर रेटिंग पाए जाने पर की गई कार्रवाई से नाराज कुछ लोगों ने आबकारी निरीक्षक की जमकर पिटाई कर दी। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शनिवार की शाम को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 मनकापुर सतेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि दस अगस्त को कुड़ासन बाजार में स्थित अनुज्ञापी राजेश कुमार त्रिपाठी के बीयर की दुकान पर छापा मारने के दौरान बीयर केन के विक्रय में निर्धारित अधिकतम मूल्य 120 रुपये की जगह प्रति केन 130 रुपये वसूली करते पाया गया। ओवर रेटिंग पाए जाने पर दुकानदार के खिलाफ कार्यवाई कर दी गई। जिससे उक्त अनुज्ञापी नाराज रहने लगा और बाद में देख लेने की धमकी दी। आबकारी निरीक्षक के अनुसार वह शुक्रवार को छपिया थाना क्षेत्र के वासुदेव पुर ग्रंट, भवाजीत पुर गांव में अवैध शराब के खिलाफ दबिश देने के बाद रात्रि विश्राम के लिए मनकापुर चीनी मिल के वीआईपी गेस्ट हाउस में रुके थे। इस बात की भनक उक्त अनुज्ञापी राजेश कुमार त्रिपाठी को लगते ही उसने अपने चहेते सुधीर पांडेय व एक अज्ञात व्यक्ति को कार द्वारा चीनी मिल भेजा गया। जो वीआईपी गेस्ट हाउस के कमरे में घुस कर मारने पीटने लगे हल्ला गुहार सुनकर लोग दौड़े तब वे दोनों धमकी देते हुए चले गए। इस मामले में पुलिस ने राजेश कुमार त्रिपाठी निवासी 41 विरवा छोटी पुर उतरौला बलरामपुर, सुधीर पांडेय पता अज्ञात व एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।