गोंडा। बैंक ऑफ बड़ौदा का सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने का झांसा देकर जालसाजों ने एक पूर्व सैनिक के खाते से 1.27 लाख रुपये उड़ा दिए। इस मामले में नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
आवास विकास कॉलोनी निवासी पूर्व सैनिक गंगाराम शुक्ल को 18 अक्तूबर को एक अनजान व्यक्ति ने फोन करके सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। यह कार्ड बैंक ऑफ बड़ौदा का बताया गया। कार्ड बनवाने की प्रक्रिया के दौरान उसने गंगाराम के बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उनके खाते से तीन बार में 1.27 लाख रुपये निकाल लिए गए। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व सैनिक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर रही है। (संवाद)