जनपद के हर व्यक्ति का आधार कार्ड प्रत्येक दशा में बनाया जाए। आधार कार्ड बनाने वाली एजेंसियां इस कार्य में तेजी लाकर यथाशीघ्र शत-प्रतिशत आधार कार्ड बनाना सुनिश्चित करें, ताकि आम जन मानस को सरकार की योजनाओं से लिंक किया जा सकें तथा उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके।
यह निर्देश जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने कलेक्ट्रेट सभागार में आधार कार्ड से संबंधित बैठक करते हुए संबंधित अधिकारियों तथा एजेंसी संचालकों को दिए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि 27 जुलाई से जनपद के प्रत्येक ब्लॉक के एक-एक प्राथमिक विद्यालय में आधार कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाया जाएगा।
इसके लिए सभी जनपद व ब्लॉक स्तरीय नोडल अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर ग्रामीण स्तर पर नोडल अधिकारी नामित कर व्यापक रणनीति बना लें ताकि कोई भी व्यक्ति आधार कार्ड से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि लोगों की सुविधा हेतु एवं शत-प्रतिशत आधार कार्ड बनवाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कैंपस में स्थाई आधार कार्ड कैंप स्थापित कर दिया गया है, जहां पर कोई भी व्यक्ति आकर अपना आधार बनवाने के साथ-साथ आधार कार्ड में संशोधन, रसीद या इनरोलमेन्ट पर्ची खो जाने की दशा में बायोमेट्रिक सुविधा के द्वारा अपना आधार कार्ड कैंप से प्राप्त कर सकेंगें।
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सरकार की पहल पर प्रदेश को पहला ‘पेपर लेस’ प्रदेश बनाने की दिशा में ई-गवर्नेंस को लागू कर प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि ई-गवर्नेंस सुविधाओं को वर्तमान में 9 विभागों के 26 कार्यक्रमों में शामिल किया गया हैै।
इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अमरजीत सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी ओंकारनाथ यादव, डीएसओ विमल शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. फतेह बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।