गोंडा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए जिले में चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस बार प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए परीक्षकों की तैनाती ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। जिले में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज व स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कॉपियों की जांच की जाएगी।
डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि परिषद की ओर से परीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन आवंटित की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका कम हो। फिलहाल परीक्षकों की सूची प्राप्त नहीं हुई है, जिसे परिषद जल्द जारी करेगा।
मूल्यांकन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वाइस रिकॉर्डर तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक कक्ष की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कॉपियों की जांच निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। केंद्र व्यवस्थापकों को सुरक्षा और गोपनीयता संबंधी निर्देश भी दिए गए हैं।
एडीएम ने संकलन केंद्र का किया निरीक्षण
शहर के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के लिए संकलन केंद्र बनाया गया है। मंगलवार को एडीएम आलोक कुमार ने केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉपियों के सुरक्षित रखरखाव, सीलिंग व्यवस्था, अभिलेख संधारण और सीसीटीवी निगरानी की स्थिति की समीक्षा की।