गोंडा। चकमार्गों पर अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम नेहा शर्मा ने पहली फरवरी से 15 फरवरी तक विशेष अभियान चलाने का निर्देश जारी किया है। इस अभियान के तहत चकमार्ग न केवल अतिक्रमणमुक्त किए जाएंगे, बल्कि इन्हें सुरक्षित और उपयोगी भी बनाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम 25 ऐसे चकमार्गों की पहचान करें, जिनसे संबंधित शिकायतें बार-बार मिल रही हैं। इन चकमार्गों को सूचीबद्ध करते समय राजस्व अभिलेखों और नक्शों के आधार पर उनकी वास्तविक लंबाई और चौड़ाई का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी मनरेगा के तहत वर्क आईडी जनरेट कर मिट्टी पटाई और मरम्मत कार्य सुनिश्चित करें। निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मार्गों को सही कराकर रिपोर्ट दें अधिकारी
गोंडा। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम नेहा शर्मा ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। कहा कि पेयजल परियोजना को संचालित किए जाने में यदि कहीं भूमि की उपलब्धता अथवा भूमि संबंधित विवाद की समस्या आ रही उसे संबंधित एसडीएम के साथ मिलकर निस्तारित कराएं। मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दूबे, एक्सईएन जल निगम धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
टेढ़ी नदी के किनारे होगा पौधरोपण
गोंडा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरणीय समिति व जिला गंगा समिति की बैठक में डीएम नेहा शर्मा ने पौधरोपण के सापेक्ष शतप्रतिशत जियोटैगिंग करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि जो पौधे खत्म हो गए हैं, उनके स्थान पर दोबारा पौधों को पुनर्जीवित करें। टेढ़ी नदी के किनारे पौधारोपण के लिए तैयारी करने को कहा गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।