उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारियों के नियमित कार्य बहिष्कार से विकास कार्य ठप हो गया है। मंगलवार को डिप्लोमा इंजीनियरों की शासन द्वारा लंबित समस्याओं का निस्तारण नहीं किये जाने पर कार्यमापी पुस्तिका अवर अभियंताओं ने विभाग को सौंप दी। 4200 से 4800 ग्रेड पे दिलाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स ने कार्य बहिष्कार कर छठे दिन जल निगम कार्यालय पर धरना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंजीनियर राकेश पांडेय ने कहा कि शासन की उदासीनता से डिप्लोमा इंजीनियर्स का 4800 ग्रेड पे लागू नहीं हो पा रहा है, जिससे इंजीनियरों को आवास, इन्क्रीमेंट समेत अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इंजीनियर कमलेश कुमार ने कहा कि यदि शासन ने जल्द से डिप्लोमा इंजीनियरों की समस्याओं का निस्तारण नहीं किया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियरों की हड़ताल से विकास कार्य रुक गया है। धरने में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई, नगर पालिका, विद्युत, जिला पंचायत, आवास विकास परिषद, पैक्सफेड, सेतु निगम विभाग के सदस्यों ने प्रतिभाग किया और सभी विभाग के इंजीनियरों ने कार्यमापी पुस्तिका जमाकर कार्य बहिष्कार कर दिया।