बेलसर/हलधरमऊ। बकाया मानदेय और नियमितीकरण की मांग को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने बुधवार को प्रदर्शन कर चार दिवसीय कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी।
ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि 18 से 20 माह तक का मानदेय न मिलने से कर्मियों के सामने आर्थिक संकट है। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीओ दयानंद सिंह को सौंपा। ज्ञापन में चार अक्तूबर 2021 की घोषणाएं लागू करने और 20 वर्षों से कार्यरत कर्मियों को नियमित करने की मांग की गई है। 25 अप्रैल तक समाधान न होने पर 27 अप्रैल को मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेजेंगे और दो मई को जिलाधिकारी को ज्ञापन देंगे। हड़ताल से विकास कार्य प्रभावित रहे। इस मौके पर शिवमोहन, राम सागर, राम किशोर, ललिता तिवारी, बब्बू गुप्त, सिद्धनाथ तिवारी, राजाराम यादव, सत्यदेव, राकेश आदि मौजूद रहे।
हलधरमऊ ब्लॉक मुख्यालय पर भी रोजगार सेवकों ने प्रदर्शन कर बीडीओ डीएन सिंह को ज्ञापन सौंपा। सत्येंद्र तिवारी और जय प्रकाश शुक्ल ने बताया कि मानदेय न मिलने से आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसके बावजूद विभाग काम का दबाव बना रहा है। नाराज सेवकों ने भुगतान तक कलमबंद हड़ताल करते हुए मास्टर रोल जारी न करने की मांग की है। इस मौके पर जाहिद अली, शशिकला, प्रमिला, विंध्यवासिनी, महाजन, रामशरन, शिवनाथ आदि मौजूद रहे।