गोंडा। देवीपाटन परिक्षेत्र के नवागत डीआईजी अमित पाठक ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद बृहस्पतिवार को उन्होंने संवाद के प्रतिनिधि को अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। डीआईजी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता ही उनकी प्राथमिकता होगी। फरियादियों को थाने स्तर से ही न्याय मिल सके और उन्हें मुख्यालय न आना पड़े, इस पर पूरा जोर रहेगा। इसके अलावा शहरवासियों को जाम से निजात दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। पूरा फोकस, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण के साथ ही ट्रैफिक नियंत्रण पर रहेगा। इसके लिए उन्होंने एसपी से ट्रैफिक जाम वाले प्वाइंट्स की जानकारी मांगी है।
शहर के प्रमुख चौराहों पर प्रतिदिन जाम की समस्या रहती है। कार्यभार ग्रहण करने के दिन ही डीआईजी इस समस्या से रूबरू हो चुके हैं। डीआईजी ने कहा कि शहर को जाम की समस्या से मुक्त कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। कहा कि नेपाल सीमा से सटे इलाकों की सुरक्षा और कड़ी की जाएगी।
ऑर्गेनिक केमेस्ट्री के लेक्चरर रह चुके हैं आईपीएस अमित पाठक
तीन दिन पहले शासन ने देवीपाटन मंडल के डीआईजी रहे अमरेंद्र प्रसाद सिंह का तबादला कर दिया था। उनके स्थान पर अमित पाठक को देवीपाटन मंडल का डीआईजी बनाया गया। मूल रूप से उन्नाव जिले के रहने वाले अमित पाठक वर्ष 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी गिनती तेजतर्रार आईपीएस अधिकारियों में होती है। वह प्रदेश के आठ जिलों में कप्तान रह चुके हैं। वह एसटीएफ के एसएसपी भी रहे हैं। अब उन्हें देवीपाटन मंडल का डीआईजी बनाया गया है। केमेस्ट्री से एमएससी करने वाले अमित पाठक कानपुर विश्वविद्यालय में ऑर्गेनिक केमेस्ट्री के लेक्चरर रह चुके हैं।