गोंडा। मनकापुर में सरकारी धन के गबन का मामला प्रकाश में आया है। 1,03,566 रुपये की इस वित्तीय अनियमितता के मामले में उपजिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पुलिस ने सरकारी धन की बंदरबांट करने वाले ग्राम प्रधान, सचिव व जेई के खिलाफ केस दर्ज किया है।
ग्राम पंचायत अमघटी निवासी बालकराम ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि गांव में बन रहे खड़ंजा मार्ग में पीली ईंट लगाकर सरकारी धन की बंदरबांट की गई है। शिकायत पर खंड विकास अधिकारी ने निर्माण कार्यों की जांच की, जिसमें ग्राम प्रधान विनोद कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी दिनेश निषाद और अवर अभियंता अभिषेक द्वारा संयुक्त रूप से गबन करने की बात सामने आई। 1,03,566 रुपये के गबन का मामला जांच में सही पाया गया।
मामले में उपजिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) गणेश प्रताप सिंह ने थाने में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने आरोपी ग्राम प्रधान, सचिव व जेई के खिलाफ सरकारी धनराशि के दुरुपयोग की रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी कोतवाल अरुण कुमार राय ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में साक्ष्य संकलन के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।