गोंडा-फैजाबाद रोड के पास स्थित डुमरियाडीह कस्बे में बने डुमरियाडीह बिजलीघर से इलाके की डेढ़ लाख आबादी को बिजली की सप्लाई की जाती है। इस बिजलीघर से अलग-अलग 11 केवी लाइन के चार फीडर वजीरगंज, मजगवा, कटराजगदीशपुर व खोरहंसा निकले हैं जिनसे क्षेत्र के प्रमुख कस्बों और सैकड़ों गांवों को आपूर्ति मिलती है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह 10 बजे डुमरियाडीह बिजलीघर के स्विच यार्ड में बना ब्रेकर अचानक तेज आवाज के साथ दग गया। इस हादसे से अभियंताओं व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। विभागीय टीम ने ब्रेकर की जांच की तो पता चला कि उसमें मेजर फाल्ट आ गया है।
उसे ठीक कराने के लिए बाहर से टीम बुलाई गई। टीम के साथ स्थानीय अभियंताओं को फाल्ट ठीक करने में करीब 30 घंटे लग गए। उसके चलते शुक्रवार शाम चार बजे चारों फीडर से आपूर्ति शुरू हो पाई।
30 घंटे बिजली गुल रहने से इलाके की बलेश्वरगंज, डुमरियाडीह, महराजगंज, खिरिया, मजगंवा, सहिबापुर, महराजगंज बाजार, चंदापुर, दर्जीकुआं, कहोबा सहित दर्जनों गांवों गुरुवार पूरी रात अंधेरा छाया रहा। शुक्रवार दिन में भी बिजली नहीं आने करीब डेढ़ लाख आबादी को परेशानी हुई।
अधिशासी अभियंता तीरथराम श्रीवास्तव के मुताबिक बिजलीघर के ब्रेकर में दिक्कत आने की वजह से इलाके में बिजली आपूर्ति में दिक्कत पैदा हुई जिसे ठीक करवाकर इलाके की बिजली बहाल करवा दी गई है।