गोंडा। मेडिकल कॉलेज में बुधवार को बिजली आपूर्ति ठप होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। क्षेत्रीय निदान केंद्र में न तो एक्सरे हो सका और न ही सीटी स्कैन। खून की जांच के लिए भी मरीजों और तीमारदारों को इंतजार करना पड़ा। कई मरीज बिना जांच कराए ही लौट गए या निजी केंद्रों का रुख कर लिया।
सुबह से ही क्षेत्रीय निदान केंद्र के बाहर लंबी कतार लग गई थी। बारिश के बीच भीगते हुए पहुंचे मरीजों को पांच घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। कटरा से आए पंकज ने बताया कि वह सुबह आठ बजे ही बेटे का एक्सरे कराने पहुंचे थे। डॉक्टर ने पैर टूटने की आशंका जताई थी, लेकिन बिजली न होने के कारण जांच नहीं हो सकी।
पिपरा निवासी सीतापति अपनी बीमार मां को लेकर आई थीं। उन्होंने बताया कि चार घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी खून की जांच नहीं हो सकी। मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों के अनुसार सुबह आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसके चलते एक्सरे, सीटी स्कैन और पैथोलॉजी जांच ठप रही।