गोंडा। छठ पूजा के महापर्व पर रविवार को घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद रहे। घाटों के आसपास बिजली के तारों को दुरुस्त कराने के साथ विद्युत सुरक्षा के मद्देनजर कर्मचारियों की तैनाती की गई। इटियाथोक के जयप्रभा ग्राम में सोमवार से शुरू होने वाली श्रीराम कथा के लिए भी विभाग ने आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कर ली है।
देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि शासन के निर्देश पर 15 नवंबर तक छठ पूजा के दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति की गई। घाटों के आसपास लाइनों की जांच और मरम्मत कराई गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि जयप्रभा ग्राम में 15 से 30 नवंबर तक आयोजित श्रीराम कथा के दौरान भी निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए मनकापुर, खरगूपुर और इटियाथोक विद्युत उपकेंद्रों की टीमों को लगाया गया है। आयोजक की ओर से 500 केवीए के विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया है।
इसके मद्देनजर 400-400 केवीए के दो ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। लाइनों को भी दुरुस्त कराया गया है। कथा के दौरान आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखने के लिए कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।