टिकरी/ नवाबगंज/गोंडा। जिले में बीते दिनों आई आंधी के कारण पांचवें दिन शनिवार को भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी। तरबगंज तहसील क्षेत्र के 250 गांवों में बिजली का संकट बना हुआ है। लोग गर्मी में बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं। लोगों को मोबाइल की चार्जिंग व पीने के पानी के लिए भी तरसना पड़ रहा है।
24 मई को आंधी की वजह से तरबगंज, मनकापुर और करनैलगंज क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इस दौरान नवाबगंज के उमरिया व वजीरगंज के मोहनपुर समेत कई विद्युत उपकेंद्र क्षेत्रों में खंभे टूटने, ट्रांसफार्मर गिरने और हाईटेंशन व एलटी लाइनों के टूटने से 400 से अधिक गांवों में बिजली गुल हो गई थी। शनिवार को पांचवें दिन भी तरबगंज तहसील क्षेत्र में संकट बना रहा।
तहसील के मोहनपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 100 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो हुई।उमरिया विद्युत उपकेंद्र के चकशिवरहा, कटरा भोगचंद्र, इस्माइलपुर, लोलपुर उमरिया, काजीपुर, खड़ौआ, अकबरपुर, बैजलपुर, कोल्हमपुर समेत दर्जनों ग्राम पंचायतों के 100 गांवों में बिजली का संकट बना हुआ है। तरबगंज उपकेंद्र से जुड़े 50 गांवों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित है।
शाहपुर गांव निवासी अंकुर पाठक ने बताया कि फिदाईपुर में लटक रहे हाईटेंशन लाइन से हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बांस-बल्ली का जुगाड़ कर इन तारों को कुछ ऊंचा किया है। इसी विद्युत उपकेंद्र के रामपुर निवासी सौरभ शुक्ल ने बताया कि एलटी लाइन जोड़ने के लिए लाइनमैन पैसे की मांग कर रहे हैं। एसडीओ पीयूष सिंह का कहना है कि टीम लगाई गई है। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं।
पांच दिन बाद भी नहीं हट सके पेड़
बेलसर। गोंडा-बेलसर मार्ग पर टिनवा कुआं, नगिया और दुर्गा नगर समेत जगह-जगह गिरे पेड़ों और बिजली के तारों को अब तक नहीं हटाया जा सका है। सड़क पर गिरे पेड़ की चपेट में आकर मंगुरा निवासी मुन्ना गुप्ता बाइक सहित गिरकर चोटिल हो गए। तरबगंज के वन क्षेत्राधिकारी रज्जन लाल का कहना है कि जल्द ही पेड़ों को हटाया जाएगा। परसपुर के त्योरासी फीडर व धानेपुर नगर क्षेत्र के वार्ड-एक में अघोषित बिजली कटौती व लो-वोल्टेज से उपभोक्ता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए हैं।
बिजली का तार चोरी, वजीरगंज थाने में दी तहरीर
तरबगंज/वजीरगंज। तरबगंज और वजीरगंज क्षेत्र के कई गांव व मजरों में आपूर्ति बाधित है। तरबगंज एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि मुख्य लाइनें चालू कर दी गई हैं। बचे हुए मजरों में भी काम पूरा किया जाएगा। वजीरगंज के मोहनपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि 28 मई की रात किशुनदासपुर के पास 1600 मीटर विद्युत तार चोरी हो गया था। वजीरगंज थाने में चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष विपुल कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर पर जांच कराई जा रही है।