गोंडा। तेज आंधी के साथ जमकर आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह बिजली के खंभे गिर गए तो कई जगह तार टूटकर गिर गए। देर रात चली तेज हवा और बरसात के कारण पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई।
धानेपुर उप केन्द्र से देवरिया अलावल, बाबागंज और धानेपुर के नाम से तीन फीडर चल रहे हैं और इनसे 18000 उपभोक्ता लाभान्वित हैं। बाबागंज लाईन पर याकूबगंज के पास एक बिजली का खंभा धराशायी हो गया और तीन स्थानों पर तार टूटकर गिर गए।
देवरिया अलावल फीडर की लाईन पर नौसी, तेंदुआ, रूद्रगढ के पास तार टूट कर गिर गए तथा बेसहूपुर के जानकी नगर के पास बिजली का पोल धराशाई हो गया। धानेपुर फीडर पर भी कई जगह लाइन बाधित हो गई इस कारण बुधवार की रात से ही 18 हजार विद्युत उपभोक्ता अंधेरे में हो गए।
उपखंड अधिकारी प्रमोद वर्मा ने बताया कि कर्मचारी तेजी से लाइन ठीक करने पर जुटे हैं बहुत जल्दी ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इसके अलावा इटियाथोक, कटरा बाजार सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में आंधी पानी के साथ बिजली खंभों का नुकसान हुआ है।