फोटो-5-गोंडा में परसपुर के चौक बाजार से गुजरी एचटी लाइन। -संवाद
- फोटो : GONDA
परसपुर (गोंडा)। बीते दिनों बिजली का तार और खंभा टूट कर गिरने से होने वाले मौतों से बिजली विभाग अभी तक नहीं चेता है। परसपुर कस्बे में घनी आबादी के बीच से होकर 11 हजार की हाईटेंशन (एचटी) लाइन गई है, लेकिन बिजली के तारों के नीचे जाल तक नहीं बिछाया है। ऐसी दशा में अगर एक भी तार टूटकर कस्बे में गिरा तो बड़ा हादसा हो सकता है।
कस्बा के घनी आबादी के बीच से होकर एचटी लाइन निकली है। कस्बे के भीड़भाड़ के साथ वाहनों का भी आवागमन होता रहता है,लेकिन विभाग ने इन तारों के नीचे जाल तक नहीं लगाया है। विद्युत विभाग इस ज्वलंत समस्या की तरफ ध्यान देना मुनासिब नहीं समझ रहा है। कस्बा निवासी राजू गुप्ता, कौशल पांडेय, विजय सोनी, राजेंद्र कौशल, प्रीतम गुप्ता व अंकित रस्तोगी ने कहा कि बीते दिनों तार गिरने से तीन लोगों की एक साथ मौत हो गई थी। इसके बाद भी बिजली विभाग नहीं चेत रहा है।
उन्होंने एचटी लाइन के नीचे जाल बिछाने की मांग की है। बिजली उपकेंद्र के जेई रामाजी ने बताया कि इस्टीमेट बनाकर विभाग के उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही तारों के नीचे जाल लगवा दिया जाएगा।
ट्रांसफॉर्मर खराब होने से आपूर्ति बाधित
इटियाथोक (गोंडा)। छह दिन पहले खराब ट्रांसफॉर्मर अभी तक बदला नहीं जा सका है। इस वजह से दो दर्जन से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत उपकेंद्र इटियाथोक से जुड़े पेट्रोल पंप फीडर के नएगांव मजरे में लगा 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर बीते मंगलवार को खराब हो गया था। मंगलवार को ही उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर सूचना दे दी, लेकिन छह दिन बाद भी कुछ नहीं हुआ। अभी तक ट्रांसफॉर्मर नहीं आया। बिजली उपभोक्ता रामजी गुप्ता, ध्रुव सागर, राजाराम ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही से ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला जा सका है। (संवाद)