पंचायत चुनाव नजदीक है, इसे शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी जाए। क्षेत्र के जो भी दबंग व हिस्ट्रीशीटर हैं, उन पर नजर रखते हुए जरूरत पड़ने पर उन्हें पाबंद किया जाए, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो सके। यह बातें रविवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन हाल में क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों की बैठक लेते हुए डीआईजी जेपी सिंह ने कहीं।
पुलिस अधीक्षक आरपीएस यादव, अपर पुलिस अधीक्षक आरके सिंह की उपस्थिति में क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को डीआईजी ने निर्देश दिए कि पंचायत चुनाव में जिन लोगों से गड़बड़ी होने की आशंका है, उन्हें अभी से पाबंद कर दिया जाए।
पुलिस गांव के जनप्रतिनिधियों सहित अन्य बुद्धिजीवियों से तालमेल बैठाकर पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू कर दे, ताकि किसी भी तरह कोई खामी न रह से। उन्होंने थानाध्यक्षों को नसीहत दी कि वह कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निष्पक्षता से कार्रवाई करें।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर अखंड प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी मनकापुर अमित किशोर श्रीवास्तव, तरबगंज विजय आनंद, करनैलगंज के शबीहुल हम्द सहित पूरे जिले के सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।