गोंडा। क्षेत्र के रघुराजनगर टिकरी चौराहे के समीप शनिवार की सुबह बाइक सवार ने एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी से गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। मामले में बुजुर्ग की पुत्री ने थाना वजीरगंज में बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के रघुराजनगर टिकरी निवासी छविलाल (60) शनिवार की सुबह टहलने निकले थे। वह टिकरी चौराहे पर पहुंचे थे तभी मनकापुर की ओर जा रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी वजीरगंज लाया गया। जहां से नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान छविलाल की मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में छविलाल की पुत्री सुनीता देवी ने थाना वजीरगंज में बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना वजीरगंज के उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।