गोंडा। जिले में डेंगू के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। छह दिन के भीतर डेंगू के आठ और मरीज मिलने पर आठ सीएचसी के अधीक्षकों को सतर्क किया गया है। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 40 पहुंच गई है। सीएमओ ने संबंधित अधीक्षकों को प्रभावित क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, परसपुर में डेंगू के दो, नवाबगंज, इटियाथोक, झंझरी, मनकापुर, गोंडा अरबन व करनैलगंज सीएचसी में एक-एक मरीज मिला है। मेडिकल कॉलेज समेत अलग-अलग अस्पतालों में इन मरीजों का इलाज किया जा रहा है। छपिया में एक मरीज में स्क्रब टाइफस व इटियाथोक के एक मरीज में लेप्टोस्पायरोसिस के लक्षण मिले हैं।
सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया जा रहा है। सीएचसी अधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखने और डेंगू से बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने के लिए निरोधात्मक गतिविधियां तेज करने को कहा गया है।