गोंडा। परिषदीय स्कूलों में कक्षा छह से आठ तक गणित और हिंदी विषय को दिलचस्प तरीके से पढ़ाने की पहल होगी। इसके लिए नए सत्र में 50 दिन की विशेष योजना बनी है। सत्र की शुरुआत से 50 दिनों तक रिमीडियल (उपचारात्मक शिक्षा) कैंप होगा। इसके लिए जिले के 20 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है।
इस अभियान से बच्चे संबंधित विषयों की मूलभूत अवधारणाओं को समझकर आत्मसात कर सकेंगे। गणित विषय की रिमीडियल (उपचारात्मक) कक्षाओं के लिए जिला स्तरीय जिला स्तरीय संदर्भ दाताओं का प्रशिक्षण हो चुका है। डायट प्राचार्य जेपी सिंह ने कहते हैं कि बच्चों तक अधिक रुचिकर और प्रभावी तरीके से गणित को पहुंचाया जाएगा। गणित और हिन्दी विषयों में लर्निंग गैप को दूर करने के लिए अगले सत्र की शुरुआत में ही अभियान चलेगा।
कक्षा छह से आठ तक शिक्षकों के लिए हस्तपुस्तिका और बच्चों के लिए कार्य पुस्तिकाओं का विकास यूनीसेफ के तकनीकी सहयोग से किया गया है। गणित विषय की मूलभूत सिद्धांतों को रोचक तरीके से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सिखाया जाएगा।
शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
शिक्षा में सुधार के प्रयास हो रहे हैं, नए सत्र में अभियान को शुरू करने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिन शिक्षकों ने प्रशिक्षण ले लिया है, वह अब जिले के अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जिसके बाद स्कूलों में अभियान अप्रैल में शुरू होगा। अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए