गोंडा। देवीपाटन मंडल में नए सीएनजी परमिट को हरी झंडी दी गई है। मंडलीय सभागार में सोमवार को कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र ने संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कई अहम निर्णय लिए। इस दौरान गोंडा में ई-रिक्शा चालकों के निर्धारित रूट का पालन न करने और मनमाना किराया वसूलने का मामला गरमाया। कमिश्नर ने वाहनों के निर्धारित किराये को लागू कराने, निर्धारित रूटों पर ही ई-रिक्शा चलाए जाने के कड़े निर्देश दिए।
बता दें कि यातायात की सुगमता एवं जाम से मुक्ति के लिए जिला और पुलिस प्रशासन की ओर से ई-रिक्शा के संचालन के लिए गोंडा शहर में चार रूट निर्धारित किए गए हैं। रेलवे स्टेशन से पोर्टरगंज वाया बड़गांव, गुरुनानक चौराहा, एलबीएस चौराहा, अंबेडकर चौराहा, कचेहरी, रेलवे स्टेशन से सद्धभावना वाया बड़गांव, मनकापुर बस स्टैंड के अलावा मिश्रौलिया चौकी से रोडवेज तिराहा होते हुए वाया, एलबीएस से आईटीआई चौराहा होते हुए झंझरी तिराहा तक, मिश्रौलिया चौराहा से सोनी गुमटी वाया रोडवेज, गुरुनानक चौराहा गुड्डू मल्ल, डब्बूमल्ल, महाराजगंज, मनकापुर बस अड्डा हैं। लेकिन ई-रिक्शा चालक इसका पालन नहीं कर रहे हैं। इस दौरान गोंडा जिलाधिकारी नेहा शर्मा, सीडीओ एम. अरुन्मोली, संभागीय परिवहन अधिकारी उमा शंकर यादव और बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती सीडीओ समेत अन्य मौजूद रहे।
पूर्व में दिए निर्देशों की रिपोर्ट तलब की
परिवहन विभाग के अधिकारियों से कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र ने पूर्व में दिए गए निर्देशों की रिपोर्ट तलब की। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगभग 2500 ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। जिनमें से 1700 ई-रिक्शा के लिए रूटवार नंबरिंग की जा चुकी है। लगभग 800 ई-रिक्शा पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से नंबरिंग की जा रही है। निर्धारित रूटों पर संचालन के लिए चालकों को जागरूक किया गया। अब तक लगभग 300 ई-रिक्शा का चालान किया जा चुका है। 25 ई-रिक्शा सीज किए गए।
बहराइच में चल सकेंगे सीएनजी वाहन
बहराइच में छह नए सीएनजी पंप बनाए गए हैं। ऐसे में अब नए परमिट भी जारी किए जा सकेंगे। वहीं गोंडा में पहले से सीएनजी परमिट दी जा रही है।