गोंडा। जिला अस्पताल के गेट से ई रिक्शा किराये पर लेकर चालक को पीटकर लूटने का मामला सामने आया है। मामले में देहात कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ई रिक्शा बरामद किया है। घटना में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
आठ अक्तूबर की रात करीब 11 बजे रामनाथ मौर्य जिला अस्पताल गेट से तीन लोगों को अपने ई रिक्शा में बैठाकर खिरौरा मोहन क्रॉसिंग जा रहे थे। आरोप है कि क्रॉसिंग के पास आरोपियों के कहने पर वह देशी शराब के ठेके के निकट अंदर की ओर गए। वहां तीनों ने रामनाथ को पीटा और उनका ई रिक्शा लूट ले गए। रामनाथ की तहरीर पर देहात कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई।
सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को संदेशवा क्रॉसिंग रोड पर चेकिंग के दौरान ई रिक्शा सवार दो संदिग्धों को रोका। जांच में ई रिक्शा रामनाथ मौर्य के नाम पंजीकृत मिला। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिराज अली निवासी मलियनपुरवा तुरकौलिया और रिजवान निवासी साहबगंज बड़गांव, नगर कोतवाली के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।