गोंडा। जिले में सुस्त पड़ी ई केवाईसी की रफ्तार बढ़ने लगी है। माहभर पहले ई केवाईसी के मामले में अंतिम पायदान वाले जिले में बुधवार तक 85 प्रतिशत लोगों का ई केवाईसी पूरा हो गया। इस महीने जारी हुई रैंकिंग सूची में जिले के 24वीं रैंक प्राप्त हुई है।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अंत्योदय व पात्र गृहस्थी के पांच लाख 84 हजार 249 कार्डधारकों के 24 लाख 61 हजार 949 सदस्यों को राशन मिल रहा है। शासन के निर्देश पर सभी लाभार्थियों का ई केवाईसी के तहत सत्यापन किया जाना है। करीब डेढ़ वर्ष की कवायद के बावजूद शत-प्रतिशत लोगों का सत्यापन नहीं हो सका था। जिसके कारण जून माह में ई केवाईसी कराने में गोंडा जिला प्रदेश में सबसे फिसड्डी साबित हुआ था।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी खाद्य अधिकारी व आपूर्ति निरीक्षकों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी थी। इस माह सख्ती का असर दिखाई पड़ा। कोटेदारों की सक्रियता के बाद 20 लाख 94 हजार 54 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा हो चुका है। जिला आपूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि करीब 85 प्रतिशत लाभार्थियों का सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है। शेष लोगों के ई केवाईसी में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।