झंझरी/गोंडा। बेलसर-तरबगंज मार्ग पर रामापुर बाजार के पास मंगलवार सुबह डंपर की चपेट में आने से युवक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक अपने मामा के घर आया हुआ था।
परसपुर थाना क्षेत्र के कुम्हारनपुरवा गांव निवासी पवन कुमार वर्मा (35) शटरिंग का काम करते थे। परिवार के लोगों के अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। इसी वजह से वह रविवार को तरबगंज के रामापुर गांव स्थित अपने मामा के घर गए थे। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे पवन कुमार सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान बेलसर की ओर से नवाबगंज की तरफ जा रहे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
ममेरे भाई राम प्रकाश वर्मा ने बताया कि पवन की तबीयत ठीक नहीं रहती थी। उनका इलाज कराया जा रहा था। वह कुछ दिन आराम करने के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि पवन तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार के अन्य दो भाई मुंबई और दिल्ली में रहकर रोजगार करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस डंपर और उसके चालक की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बेलसर-तरबगंज मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों का कारण बनती है। शिकायत के बावजूद वाहनों की गति पर नियंत्रण नहीं लग पा रहा है। इसका स्थायी समाधान होना चाहिए।