गोंडा। मेडिकल कॉलेज में हड्डी वार्ड के पीछे अंडरग्राउंड केबल मंगलवार सुबह फुंक गया। इससे 10 बजे से बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जो तीन बजे के बाद बहाल हो सकी। इससे पूरे मेडिकल कॉलेज में अंधेरा छाया रहा। मोबाइल के टॉर्च की रोशनी में चिकित्सक मरीजों को दवाएं लिखते नजर आए।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने रिटायर्ड कर्मी इस्लाम को बुलाया। इसके बाद तकनीकी टीम की मदद से दोपहर तीन बजे के बाद आपूर्ति शुरू हो सकी। सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी का कहना है कि बिजली समस्या के कारण काम प्रभावित हुआ था। इसकी वजह से 10 ऑपरेशन भी टालने पड़े। जांच व एक्सरे आदि सेवाएं भी प्रभावित रहीं। हालांकि अब लाइन सही हो गई है।
पानी तक के लिए तरसे मरीज
बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण मरीज पानी के लिए तरस गए। उमस भरी गर्मी में मरीजों के तीमारदार अपने घरों से लाए संसाधनों से हवा कर रहे थे। यही नहीं, जांच न होने के कारण कई मरीजों को वापस होना पड़ा। (संवाद)