मौके पर मौजूद पुलिस व ग्रामीण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यूपी के गोंडा में शनिवार को नशे में धुत छोटे भाई ने डंडे से पीट-पीटकर बड़े भाई की हत्या कर दी। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आरोपी भाई की तलाश की जा रही है।
घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा भोगचंद गांव की है। गांव निवासी अलगू चौहान (30) हत्या हुई है। आरोप छोटे भाई जगन चौहान पर है। बताया गया कि जगन ने शराब के नशे में डंडे से पीट-पीटकर बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। मां ने आरोपी जगन के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
मौके से हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद
मां अंदेशा देवी ने बताया कि बड़ा बेटा अलगू चौहान (30) और छोटा बेटा जगन चौहान मजदूरी करके घर का खर्च चलाते थे। शनिवार की देर शाम मजदूरी करने के बाद दोनों शराब के नशे में घर पहुंचे। कुछ देर बाद जगन कहीं चला गया। इसी बीच अलगू शराब के नशे में मां से झगड़ा करने लगा। उसने डंडे से वार भी कर दिया। इससे वह चोटिल हो गईं और पास के कटरा कुटीधाम मंदिर चली गईं।
बड़े भाई पर बरसाने लगा डंडा
कुछ देर बाद खाना खाने के बाद अलगू तख्त पर लेट गया। इसके बाद जगन घर पहुंचा तो उसे मां से मारपीट की जानकारी हुई। इससे गुस्साए जगन ने अलगू पर डंडा बरसाना शुरू कर दिया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी जगन मौके से भाग निकला। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अंदेशा देवी ने आरोपी जगन के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
फोरेंसिक टीम ने लिए नमूने
हत्या के बाद मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम के विशेषज्ञों ने तख्त, कंबल और हत्या में प्रयुक्त डंडे से खून के नमूने लिए हैं। मौके पर फोटोग्राफी भी की गई है। ताकि, तफ्तीश में मदद मिल सके। हत्या में प्रयुक्त डंडा वहीं पास में पड़ा मिला है।