गोंडा। लगातार पड़ रही गर्मी के बीच सोमवार की रात में हल्की बूंदाबांदी हुई। ठंडी हवा भी चली। मंगलवार की दोपहर में कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। बादलों की आवाजाही का क्रम दिनभर चलता रहा।
कई दिनों से लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान थे। रात में ठंडी हवा के साथ हुई बूंदाबांदी ने लोगों को राहत दी। इसके बाद सुबह फिर हवा चली और आसमान में बादल छा गए। हालांकि, थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल में धूप होती रही। दोपहर में भी बूंदाबांदी हुई। इसके बीच लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली। मोतीगंज संवाद के अनुसार दोपहर में क्षेत्र में हवा के साथ बारिश की फुहारें पड़ीं।
पसका संवाद के अनुसार क्षेत्र में पर्याप्त बारिश न होने से खरीफ फसलों की बोआई प्रभावित होने लगी है। किसान पवन ने बताया कि समय पर बारिश न होने से पंपिंग सेट से पानी भरकर धान रोपाई शुरू किया है। यदि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई तो असर पड़ सकता है। किसान राकेश पांडेय ने कहा कि मक्के की बोआई भी प्रभावित है। मनकापुर, खोरहंसा क्षेत्र में भी हल्की बूंदाबांदी की सूचना है।