करनैलगंज। जहंगिरवा रेलवे क्रॉसिंग के पास गलत दिशा से रोडवेज बस निकालने पर रविवार को ग्रामीणों ने चालक और परिचालक की पिटाई कर दी। दो दिन पूर्व इसी स्थान पर गलत दिशा से ही बस निकालने के दौरान टक्कर लगने से साइकिल सवार गौतम राजपूत (20) की मौत हो गई थी। गौतम का साथी घायल हो गया था। हादसे के बाद से ग्रामीणों में गलत दिशा से गुजरने वाली बसों को लेकर आक्रोश है।
रविवार को क्रॉसिंग पर वाहनों की कतार लगी थी। इसी दौरान रोडवेज की एक बस गलत दिशा से क्रॉसिंग पार करने लगी। लोगों ने चालक दीपक पांडेय को रोकने की कोशिश की। भीड़ और चालक के बीच कहासुनी हो गई। आक्रोशित लोगों ने चालक को पीट दिया। परिचालक बृजेश सिंह बीचबचाव करने पहुंचे तो उनकी भी पिटाई कर दी गई। ये देखकर विपरीत दिशा में बस के पीछे आ रहे अन्य वाहन चालक भाग गए। यूपी 112 की पुलिस टीम ने लोगों को शांत कराया।
बस चालक और परिचालक ने कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप है कि मारपीट के साथ परिचालक का बैग छीन लिया गया। कोतवाल तेज प्रताप सिंह ने कहा कि तहरीर में लगाए गए आरोप गलत हैं। भंभुआ चौकी प्रभारी को जांच सौंपी गई है।