गोंडा के आईटीआई चौराहे के पास सड़क पर भरा पानी।
गोंडा। बारिश ने शहर में लोगों की मुश्किल बढ़ा दी है। कई इलाकों में पानी भरने से आवागमन में समस्या हो रही है। हालांकि खेती-किसानी के लिए बारिश को फायदेमंद माना जा रहा है। मौसम को देखते हुए बुधवार को डीएम प्रियंका निरंजन के निर्देश पर नर्सरी से इंटर तक के स्कूल बंद रहे। जिले में बीते 24 घंटे में 72.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बारिश के बाद न्यू कैलाशपुरी कॉलोनी की स्थिति सबसे खराब नजर आई। यहां कई दिनों से रास्ते पर घुटने तक पानी भरा है। नाली का गंदा पानी भी इसमें बह रहा है। कीचड़ और दुर्गंध के बीच लोगों का निकलना मुश्किल है। हालात से परेशान मोहल्लेवासी चंदा जुटाकर पानी निकलवाने की व्यवस्था कर रहे हैं।
मोहल्ला निवासी वीरू साहू ने बताया कि करीब 10 साल से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। मनीषा ने बताया कि महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में सबसे अधिक दिक्कत होती है।
मेडिकल कॉलेज में भी काम प्रभावित
मेडिकल कॉलेज परिसर में भी पानी भरने से कामकाज प्रभावित है। बुधवार को पर्चा काउंटर से टीबी क्लीनिक और दंत रोग विभाग के सामने तक पानी जमा था। कार्यदायी संस्था की ओर से काम कराया जा रहा है, लेकिन परिसर में पानी निकासी नहीं होने से काम प्रभावित हो रहा है। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए लोगों ने रास्ते में जगह-जगह ईंटें रख दी हैं। इन्हीं के सहारे लोग पानी पार कर रहे हैं। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
गोंडा के आईटीआई चौराहे के पास सड़क पर भरा पानी।