गोंडा। नगर पालिका परिषद गोंडा के नए कार्यकाल की दूसरी बैठक बुधवार को पालिका सभागार में हुई। जिसमें 6.59 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इसके अलावा नगर में सुविधाओं के लिए नौ अन्य प्रस्ताव भी पास हुए। नवनिर्वाचित सभासदों ने वार्ड में बुनियादी सुविधाओं के विकास की बात रखी। नगर पालिका अध्यक्ष उज्मा राशिद व अधिशाषी अधिकारी संजय मिश्र ने नगर के विकास में सहयोग करने का आश्वासन दिया।
बता दें कि नगर पालिका परिषद गाेंडा की दूसरी बोर्ड बैठक विगत 16 सितंबर को प्रस्तावित थी मगर 22 सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप लगाकर बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया था। दोबारा सभासदों के साथ समन्वयक बैठक के बाद बुधवार को बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न वार्डों में इंटरलॉकिंग, जलनिकासी, सुंदरीकरण, प्रकाश की व्यवस्था के 48 कामों पर तीन करोड़ 60 लाख 44 हजार रुपये का बजट प्रस्तावित हुआ। इसके अलावा 27 वार्डों के लिए दो ट्रैक्टर, एक नाला क्नीलिंग मशीन, 200 हत्था ठेला, 50 डंपर प्लेसर, 1000 सेफ्टी टूल किट, दो हाइड्रोलिक ट्रॉली, दो फॉगिंग मशीन, 200 डस्टबिन खरीदने के लिए दो करोड़ 98 लाख 96 हजार 500 रुपये का बजट प्रस्तावित हुआ। इसके अलावा मालवीयनगर स्थित चुंगी गोदाम के पास अस्थाई पार्किंग स्थल के लिए नई सारणी के अनुसार शुल्क निर्धारित किया गया। वहीं, नगर पालिका की दुकानों का पुन: आवंटन व नवीनीकरण में नए शुल्क पर चर्चा अगले बैठक में करने का फैसला लिया गया।
बोर्ड की बैठक में सभासदों ने सीयूजी नंबर देने की मांग की। सभासद एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी ने कहा कि सभी वार्डों में दस हजार रुपये तक की मरम्मत कार्य कराने की अनुमति सभासदों को दी जाय। इस अवसर पर गोंडा सांसद के प्रतिनिधि संदीप पांडेय, अलंकार सिंह, फहीम सिद्दीकी, कृष्णा देवी, आजम खान, अनूप श्रीवास्तव, अल्पना सिंह, अली हैदर, बबलू आदि मौजूद रहे।