गोंडा। त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव के लिए आरक्षण की तैयारी पूरी हो रही है। दो मार्च तक आरक्षण की स्थिति से साफ हो जाएगी। 1214 प्रधान पदों के साथ ही 18 हजार से अधिक पदों के आरक्षण की ड्रॉफ्ट ब्लॉकों पर तैयार हो गई है। सोमवार को जिले पर 16 ब्लाकों के पंचायतों के आरक्षण की स्थिति पर मंथन होगा और इसके बाद दो मार्च को आरक्षण की सूची जारी हो जाएगी।
पंचायत के पदों पर आरक्षण के बारे में कार्रवाई पूरी हो रही है। अब ज्यादा दिन उहापोह की स्थिति नही रहेगी। पंचायतों के आरक्षण के लिए नियमों और फामूले के आधार पर लोग अनुमान लगा रहे हैं। फिलहाल ब्लाकों में दो नियमों में उलझन बनी हुई है।
25 सालों से आरक्षण से बाहर रहने वाली पंचायतों को आरक्षित किए जाने की पहल होने के साथ ही पहले के आरक्षण के बाद की स्थिति पर ही आरक्षण तैयार हो रहा है। वर्ष 2015 में आरक्षण की स्थिति पर भी आरक्षण की कवायद हो रही है।
160 नई पंचायतों को कैसे आरक्षित किए जाएं, इसके लिए माथा पच्ची हो रही है। रविवार तक करीब-करीब हर ब्लॉक में आरक्षण का ड्रॉफ्ट तैयार किया जा चुका है। प्रधान पदों के साथ ही पंचायत सदस्यों के 15410, जिला पंचायत सदस्य के 65 व क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1612 पदों के लिए आरक्षण तय हो रहा है। इसकी कवायद पूरी हो चुकी है। जिले स्तर पर आरक्षण पर मंथन सोमवार को पूरा होगा, इसके बाद मंगलवार को सूची जारी कर दी जाएगी।