पति समेत तीन लोगों पर दहेज उत्पीड़न का केस
करनैलगंज(गोंडा)। दहेज की मांग पूरी न होने पर रविवार को ससुराली जनों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा कोतवाली में दर्ज कराया है। विवाहिता ने अपने पति और सास, ससुर को नामजद किया है। थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम अशोकपुर निवासी राजेन्द्र यादव की पुत्री अनूपा द्वारा कोतवाली में दर्ज कराई गयी प्राथमिकी में कहा गया है कि उसकी शादी विजय कुमार पुत्र सूर्यलाल निवासी नरायनपुर मांझा से जुलाई 18 में हुई थी। उसके परिजनों ने शादी के समय दहेज भी दिया था। शादी के बाद मोटरसाइकिल, सोने की चेन व 51 हजार नगदी की मांग करने लगे तथा मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। अपने मायके में जानकारी देने पर परिजन उसे समझा-बुझाकर ससुराल भेज देते थे। बीते 28 जुलाई को पुन: उसे दहेज के लिए मारा पीटा गया तथा हाथ पैर बांधकर छत पर रस्सी से लटकाने का प्रयास किया। उसके द्वारा शोर मचाने पर उसे गला दबाकर मार डालने का प्रयास किया गया। किसी प्रकार वहां से निकल कर अपने मायके आयी। जहां से उसके भाई और मामा उसके ससुराल गये तो वहां उन्हें भी गालियां दी गयीं तथा पिटाई भी की गयी। कोतवाल राजेश कुमार सिंह कहते हैं कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है।