गोंडा-लखनऊ हाईवे पर कटरा शहबाजपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास डबल डेकर बस पलटने के बाद निकलते यात्री।
करनैलगंज (गोंडा)। गोंडा-लखनऊ हाईवे पर कटरा शहबाजपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार सुबह अनियंत्रित होकर डबल डेकर बस पलटने से चीखपुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में छह यात्री जख्मी हो गए। इनमें गंभीर रूप से घायलों दो को गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे लखनऊ गोंडा हाईवे पर दिल्ली से करीब 100 यात्रियों को लेकर गोंडा आ रही डबल डेकर प्राइवेट बस कटरा शहबाजपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे उमरी बेगमगंज के ऐली-परसौली निवासी लल्लू (30) व मनोज की पत्नी नीलम (25), उमरी बेगमगंज के चंद्रप्रकाश पाठक (36), परसपुर के पूरे गजराज निवासी बृजराज शुक्ला (72), कौड़िया निवासी सगे भाई जीवनलाल (26) व मिंटू (18) घायल हो गए। इनमें बृजलाल और चंद्रप्रकाश की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीएचसी करनैलगंज में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि बस चालक व खलासी मौके से फरार हो गया। घटना के कारणों को पता लगाया जा रहा है।
मारपीट के बाद अनियंत्रित बस पलटी ः यात्रियों के मुताबिक, स्थानीय निवासी पांच यात्री जहांगीरवा रेलवे क्रॉसिंग के पास उतरने की जिद कर रहे थे। बस के कर्मचारियों ने उन्हें करनैलगंज में उतारने की बात कही। इसी बात को लेकर परिचालक और यात्रियों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान एक व्यक्ति चालक के ऊपर गिर गया। चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई।
मची चीख-पुकार: बस विवाद के बाद पलटने से चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन पहुंचे ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस दौरान यात्री सहमे दिखे।
डीएम व सीडीओ ने मौके का लिया जायजा ः घटना की जानकारी मिलते ही डीएम नेहा शर्मा व सीडीओ अंकिता जैन ने मौके का जायजा लिया है। साथ ही एसडीएम को जांच के आदेश दिए। माना जा रहा है कि डीएम की सख्ती के बाद डबल डेकर बसों पर ओवरलोड सवारी लेकर चलने वाले बसों के चालकों व परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।