गौराचौकी (गोंडा)। खोड़ारे थाना क्षेत्र के गौरा बुजुर्ग गांव में फर्श पर सो रही डाॅक्टर सपना सोनी (35) की सर्पदंश से माैत हो गई। खजांची प्रसाद सोनी की पुत्री सपना मंगलवार रात कमरे में फर्श पर बिस्तर लगाकर सो रही थीं।
परिजनों के अनुसार रात करीब 2:30 बजे बेटी ने चेहरे पर तेज जलन होने की बात कहकर परिवार को जगाया। लाइट जलाने पर कुछ दूरी पर कमरे में कोबरा सांप दिखाई पड़ा। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग भी पहुंच गए। परिजनों ने देखा कि सपना के चेहरे पर सर्पदंश के निशान थे। इसके बाद सब ने मिलकर सांप को मार दिया।
उधर, परिजन बेटी को गंभीर हालत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनजोत पहुंचे। यहां उपचार शुरू हुआ, लेकिन हालत बिगड़ती चली गई। इलाज के दौरान सपना की मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. तरुण कुमार मौर्य ने बताया कि अस्पताल लाने में काफी देरी हो गई थी।
एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) की पूरी डोज दी गई, लेकिन जहर शरीर में तेजी से फैल चुका था। उन्होंने बताया कि सिर या चेहरे के आसपास सांप के डसने पर 30 मिनट से एक घंटे के भीतर विष का प्रभाव गंभीर हो सकता है। ऐसे मामलों में तत्काल चिकित्सा सहायता मिलने से ही जान बचाई जा सकती है।