गोंडा। पुलिस लाइन स्थित सभागार में शुक्रवार को आरक्षी भर्ती-2023 के तहत ज्वॉइनिंग ट्रेनिंग कोर्स के प्रशिक्षुओं से एसपी विनीत जायसवाल ने संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं को शासन स्तर से जारी सोशल मीडिया नीति और गाइडलाइन के प्रति जागरूक किया। एसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान या यूनिफॉर्म में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना, विभागीय गोपनीय सूचनाओं को साझा करना तथा राजनीतिक या विवादास्पद पोस्ट करना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। प्रशिक्षुओं से इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
एसपी ने उत्तर प्रदेश पुलिस की गरिमा, कर्तव्य और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षण की महत्ता बताई। उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता और सेवा भावना जैसे मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक दक्षता, कानूनी ज्ञान, व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष जोर देने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने प्रशिक्षुओं से कहा कि वे निर्धारित प्रशिक्षण कालखंड में सभी पाठ्यक्रमों को पूरा करें। इस अवसर पर अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।