मंडलायुक्त रवि प्रकाश अरोड़ा ने दो टूक कहा है कि सांसद निधि के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सांसद निधि के कार्यों को अधोमानक काम करने वाले ठेकेदारों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सांसद निधि के कार्यों को पूरा करने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित करें, जिससे समय रहते कार्यों को पूरा किया जा सकें। इसके अलावा वर्षों से लम्बित कार्यों की जांच कराएं तथा उसके लिए दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
कमिश्नर जिला पंचायत सभागार में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसदों के कार्य आज तक लम्बित हैं जो चिंता का विषय है। मुख्य विकास अधिकारी व परियोजना अधिकारी ऐसे कार्यों को पूरा कराने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम बनायें तथा सांसद निधि के कार्यों का पर्यवेक्षण भी स्वयं करें।
उन्होंने कहा कि लापरवाह व अधोमानक काम करने वाले ठेकेदारों को किसी भी स्थिति में सांसद निधि के कार्य आवंटित न किए जाएं। बिजली विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे सांसद निधि के विद्युतीकरण के कार्यों को यथाशीध्र पूरा कराएं।
अरोड़ा ने सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे सांसद निधि की धनराशि को विवादित स्थानों के लिए स्वीकृत ना करें। उन्होंने राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के भी निर्देश दिए।
मण्डल में वर्ष 2011 से 2015 तक सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के 202 कार्य लम्बित चल रहे हैं जिनमें पूर्व सांसद बेनी प्रसाद वर्मा की निधि के 8 कार्य, सांसद कीर्तिवधन की निधि के 39 कार्य, सांसद ब्रज भूषण सिंह की निधि के 45 कार्य, पूर्व सांसद कमल किशोर की निधि के 25 कार्य, सांसद साध्वी सावित्री बाई फूले की निधि के 21 कार्य, पूर्व सांसद विनय कुमार पाण्डेय की निधि के 32 कार्य तथा सांसद दद्न मिश्र की निधि के 32 कार्य लम्बित हैं।
बैठक मे बहराइच की सांसद साध्वी सावित्री बाई फूले ने कार्यों की देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए समयबद्ध रूप में कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिलाधिकारी गोण्डा अजय कुमार उपाध्याय, बहराइच के अभय, बलरामपुर की प्रीति शुक्ला व श्रावस्ती के राघवेन्द्र विक्रम सिंह सहित मण्डल के सभी मुख्य विकास अधिकारी सहित अपर आयुक्त राजा राम व अधिकारीगण मौजूद रहे।