गोंडा। राज्य निर्वाचन आयोग से निकाय चुनाव की तिथियां तय होने के बाद चुनावी बिगुल बज गया है। गोंडा जिले में पहले चरण में चुनाव होने से सोमवार को जिलाधिकारी अधिसूचना से जारी करेंगे। मंगलवार को दस नगरीय निकायों के निर्वाचन अधिकारी नामांकन से लेकर मतदान तक के कार्यक्रम को सार्वजनिक करेंगे। मंगलवार से ही नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो जाएगी।
आयोग से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार जिले का निर्वाचन पहले चरण में है। नामांकन पत्र जमा करने का कार्य 11 से 17 अप्रैल तक होगा। नामांकन पत्रों की जांच 18 को तथा नाम वापसी 20 अप्रैल को होगी। 21 को चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। इसके बाद चार मई को दसों निकायों के अध्यक्ष व 173 वार्डों के लिए 323 मतदेय स्थलों पर मतदान होगा। 13 मई को मतगणना होगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण ने बताया कि आयोग से तय तिथियों पर सभी प्रक्रिया पूरी की जाएंगी। नामांकन, मतदान व मतगणना की तैयारी पूरी है।
प्रशासन ने तो निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी कर रखी हैं और आयोग ने तिथि भी तय कर दी। जिले में पहले चरण में ही चुनाव होने हैं मगर अभी तक भाजपा, सपा, बसपा व कांग्रेस समेत किसी भी दल ने प्रत्याशी तय नहीं किए हैं। ऐसे में दावेदारों की धड़कन तेज हो गई है। पार्टियों के पास एक दिन का ही समय शेष है, ऐसे में सोमवार को ही प्रत्याशी तय होने की उम्मीद है। हर सीट पर टिकट के दावेदार जुटे हैं, उनकी निगाहें पार्टियों के फैसले पर टिकी है। वहीं करनैलगंज, तरबगंज धानेपुर निकाय के चेयरमैन पद के आरक्षण में बदलाव से दावेदारों की नींद उड़ गई है।