गोंडा। हलधरमऊ की जिला पंचायत सदस्य नेहा सिंह का असलहे से निशाना साधते वीडियो वायरल होने के मामले में डीएम ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने एसपी से मामले में रिपोर्ट मांगी है।
डीएम नेहा शर्मा ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य का इस तरह का वीडियो सामने आना उचित नहीं है। क्या शक्ति प्रदर्शन के इरादे से असलहों के साथ वीडियो वायरल किया गया है। यदि नेहा सिंह के पति धर्मेंद्र सिंह फौजी के नाम राइफल का लाइसेंस है तो उन्हें कतई हाथ नहीं लगाना चाहिए। डीएम ने कहा कि असलहों के साथ पुराने वीडियो अब वायरल करने के उद्देश्यों की भी जांच कराई जाएगी। उन्होंने ऐसे वीडियो वायरल करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इस तरह जिला पंचायत सदस्य नेहा सिंह की मुश्किलें बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं।
वहीं, नेहा सिंह के असलहों के साथ वीडियो वायरल होने की अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने पर करनैलगंज इंस्पेक्टर चितवन कुमार ने जांच कर एसपी को रिपोर्ट भेजी है। जिसमें लाइसेंसी राइफल धर्मेंद्र सिंह फौजी की होने और जिला पंचायत सदस्य के हाथ में एयरगन होने की बात कही है। इसके साथ ही फोटो पांच साल पुरानी बताई है।