गोंडा। जिले की ग्राम पंचायतों को स्वच्छ बनाने के लिए लाखों रुपये की लागत से सार्वजनिक शौचालय बनवाए गए हैं। मगर ज्यादातर सार्वजनिक शौचालयों का ताला नहीं खुल रहा है। शनिवार को जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में इटियाथोक के बिहुरी निवासी चैतू ने डीएम को शिकायती पत्र देकर सार्वजनिक शौचालय का ताला खुलवाने की मांग उठाई। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, डीएम नेहा शर्मा व एसपी विनीत जायसवाल ने शिकायतें सुनीं। कुल 85 शिकायतें सुनीं गई, जिनमें छह मौके पर निस्तारित हुईं।
बिहुरी गांव के ही जनार्दन प्रसाद पांडेय ने कहा कंपोजिट विद्यालय में हैंडपंप खराब है। ऐसे में बच्चे दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। पंड़रीकृपाल के टिकरिया गांव निवासी सुशील कुमार ने कहा कि वर्ष 2010-11 में ग्राम पंचायत में जूनियर हाईस्कूल के पीछे आंगनबाड़ी केंद्र बनवाया गया था। मगर संचालन तो दूर हैंडओवर भी नहीं हो सका। लखीमपुर खीरी के धरौरा नयागांव निवासी मजदूर हकीफ ने डीएम को बताया कि ठेकेदार बशीर के साथ गोंडा में रहकर जेल में पुराने आवास को तोड़ रहा था। एक सितंबर को जेल के एक बंदीरक्षक ने हैमर मशीन छीन ली। स्थानीय पुलिस नहीं सुन रही है।
रुपईडीह के हरैयावान निवासी कलावती ने कहा कि बेटी के जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया। मगर विरोधियों के दबाव में एडीओ पंचायत रुपईडीह प्रमाणपत्र जारी नहीं कर रहे हैं। तीन बार उच्चाधिकारियों को प्रार्थनापत्र दिया जा चुका है। मूड़ाडीहा निवासी सुकेश वर्मा ने थानाध्यक्ष मोतीगंज पर छह महीने से आरोप पत्र लटकाने की शिकायत की। कटरा बाजार के रमेश तिवारी ने बताया कि रंजिशन उनके आठ वर्षीय बेटे को तालाब में डुबोकर मार दिया गया। कटरा बाजार पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। अब मिलीभगत कर आरोपियों को बचा रही है। अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।
संपूर्ण समाधान दिवस पर करनैलगंज में एडीएम आलोक कुमार, तरबगंज में एसडीओ विशाल कुमार और मनकापुर में सीआरओ महेश प्रकाश ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान सबसे अधिक सार्वजनिक रास्ते और सरकारी जमीनों पर कब्जे की शिकायतें दर्ज कराई गईं। फरियादियों की कतार लगी रही। आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों व अधिकारियों के सख्त निर्देशों के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है।