बिजली बहाली को लेकर जायजा लेते मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ। स्रोत: विभाग
गोंडा। सितंबर के अंतिम सप्ताह में बारिश और तेज हवाओं से बेपटरी हुई बिजली आपूर्ति व्यवस्था अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है। डीएम प्रियंका निरंजन ने बिजली विभाग से फीडरवार रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने प्रभावित फीडरों पर प्राथमिकता से काम कराकर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा के लिए मुख्य अभियंता कार्यालय में एक उपनिरीक्षक समेत पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
डीएम ने अधीक्षण अभियंता को भेजे पत्र में प्रत्येक प्रभावित फीडर पर मरम्मत के लिए जरूरी सामग्री और स्टोर में उसकी उपलब्धता का ब्योरा मांगा है। पोल और ट्रांसफार्मर की जरूरत के सापेक्ष उपलब्धता या कमी तथा कमी दूर करने के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी भी देने को कहा है।
मुख्य अभियंता (वितरण) यदुनाथ यथार्थ ने शनिवार को बहराइच में रेस्टोरेशन कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार जलभराव, खेतों में खड़ी फसल और बड़े पैमाने पर क्षति के कारण खराब लाइनों तक पहुंचने में भी दिक्कत आ रही है।
छह दिन बाद चार्ज हुआ धनुही पावर हाउस
धनुही पावर हाउस छह दिन से चार्ज नहीं हो पा रहा था। शनिवार को कर्मचारियों के प्रयास से दोपहर 1:10 बजे इसे चार्ज कर दिया गया। इसके साथ देवीपाटन क्षेत्र के 114 में से 113 पावर हाउस चार्ज हो गए हैं। अब 11 केवी फीडर और एलटी लाइनों की बहाली पर जोर है। मुख्य अभियंता ने उपभोक्ताओं से संयम बरतने और बिजली बहाली में सहयोग की अपील की है।