गोंडा। जिला पंचायत सभागार में बुधवार को आयोजित बैठक में 12 अक्तूबर को होने वाली पीसीएस प्री परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। तय हुआ कि परीक्षा के दौरान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही हर केंद्र पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि 18 केंद्रों पर अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। प्रथम पाली में 09:30 बजे से 11:30 बजे तक और द्वितीय पाली 02:30 बजे से 04:30 बजे तक परीक्षा होगी। दोनों पालियों में 14,976 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय आदि मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, प्रवेशपत्र जांच की प्रक्रिया, पर्यवेक्षकों की तैनाती, वर्जित सामग्री की जांच तथा मेडिकल इमरजेंसी जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र व बीएसए अतुल कुमार तिवारी को निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक संसाधन एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में एडीएम आलोक कुमार, एएसपी पूर्वी मनोज कुमार रावत, एसडीएम सदर अशोक कुमार गुप्ता, एसडीएम तरबगंज विश्वामित्र मौजूद रहे। (संवाद)