तुलसीपुर ब्लॉक के लोहिया समग्र ग्राम साहेबनगर का डीएम ने निरीक्षण किया। इस दौरान पता चला कि गांव में विद्युतीकरण के बाद भी घरों तक बिजली नहीं पहुंची। विकास कार्यों में लापरवाही पर डीएम ने संबंधित अफसरों को फटकार लगाई।
डीएम प्रीति शुक्ला ने गुरुवार को वर्ष 2015-16 में चयनित लोहिया समग्र ग्राम साहेबनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि विद्युतीकरण के बाद भी विद्युत आपूर्ति नहीं की जा रही है।
डीएम ने ग्रामीणों की शिकायत पर एक्सईएन पावर कार्पोरेशन मोतीलाल को गांव में शीघ्र विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की हिदायत दी।
गांव में गंदगी को देख डीएम ने एडीओ पंचायत तुलसीपुर को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया। सीसी रोड, नाली, खडंजा, हैंडपंप, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक स्कूल, तालाब सौंदर्यीकरण के कार्य सहित पूरे गांव का डीएम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाई गई।
ग्रामीणों को आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाले पोषाहार, पशुपालन, टीकाकरण, खाद्य सुरक्षा अधिनियम, गोदाम बीज वितरण, वरासत, आम आदमी बीमा योजना सहित तमाम सरकारी योजनाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने डीएम से इंदिरा आवास, पेंशन व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की।
डीएम ने विभागीय अफसरों को योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। इस दौरान बीडीओ उपेन्द्र पाल, एपीओ संतोष, ग्राम प्रधान रमेश सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।