गोंडा। सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था एवं खाद्य विभाग की जिला स्तरीय गठित सतर्कता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार की अध्यक्षता में हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बेवजह किसी दुकान को निलंबित न किया जाए। रिक्त पड़ी दुकानों को चालू किया जाए। कहा कि सभी कोटेदार तक पर्याप्त मात्रा में राशन पहुंचे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अनुरूप पात्रों को खाद्यान्न मुहैया कराया जाए। केंद्र व प्रदेश सरकार पात्रों को खाद्यान्न मुहैया कराने के लिए संजीदा है, लिहाजा खाद्यान्न आपूर्ति समय से करने की सभी व्यवस्थाएं की जाएं। जिलाधिकारी ने डीएसओ एवं डिप्टी आरएमओ को निर्देश दिए कि सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के लिए निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन किया जाए।
परिवहन ठेकेदारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का खाद्यान्न कोटेदारों की दुकानों तक ही पहुंचाना पड़ेगा, चाहे वो दुकान संकरी गली के अंदर ही क्यों नहीं हो। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी कोटेदार को राशन मिलने आज में कोई समस्या हो तो वह जनपद के कंट्रोल रूम नंबर 7839565037 पर संपर्क कर अपनी समस्या बता सकते हैं।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह आदि रहे।